Skip to content

संदिग्ध परिस्थितियों में लापता दो सगी बहनें 24 घंटे में बरामद

अम्बेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत

जनपद के आलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो सगी बहनों को पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बहनों की उम्र लगभग 14 और 16 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे दोनों सगी बहनें अचानक घर से लापता हो गई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर आलापुर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और अन्य तकनीकी माध्यमों के आधार पर दोनों बालिकाओं की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान सुराग मिलने पर पुलिस ने एक गांव से दोनों सगी बहनों को सकुशल बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें घर से नाराज होकर चली गई थीं।

थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि उपनिरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम की सक्रियता के चलते दोनों बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज किया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों के बयान दर्ज कर परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

पुलिस की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई को क्षेत्र में सराहा जा रहा है। वहीं दोनों सगी बहनों के सकुशल मिलने से परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *