अम्बेडकरनगर।
जनपद में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है। चोरी की बाइक बरामद कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सरोज पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित से चोरी हुई बाइक बरामद कराने के बदले 15 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत मांगते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला सामने आया।
वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने मामले की जांच कराई। आरोपों की पुष्टि होने पर हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार या अनैतिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की जवाबदेही जनता के प्रति है और विभाग में ईमानदारी व पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने और आम जनता का भरोसा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अकबरपुर बाज़ार में बड़ी चोरी ; चोरों ने चार दुकानों के शटर तोड़कर चुराये गहने।
