अम्बेडकरनगर।
जनपद में ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वाहन मालिकों और चालकों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के गोहन्ना बायपास स्थित मोरंग मंडी का है, जहां रात के समय खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये का डीजल चोरी कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व मोरंग मंडी परिसर में खड़े अली असगर के ट्रेलर से करीब 20 हजार रुपये मूल्य का डीजल चोरी हो गया। इसी तरह अनिल तिवारी के ट्रक से भी डीजल निकाले जाने की बात सामने आई है। जब वाहन मालिक सुबह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ट्रकों के डीजल टैंक के ढक्कन टूटे हुए थे और टैंक पूरी तरह खाली थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ट्रक चालकों और वाहन मालिकों में नाराजगी के साथ-साथ असुरक्षा की भावना भी बढ़ गई है। उनका कहना है कि रात्रि गश्त प्रभावी न होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बायपास और मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
ट्रक चालकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त को और सख्त किया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए तथा मोरंग मंडी और गोहन्ना बायपास क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट की व्यवस्था की जाए। वाहन मालिकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की चोरी की घटनाओं में और इजाफा हो सकता है।
